हजारीबाग I कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग (लुकुम) गांव में घरेलू विवाद के दौरान छह माह के मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मासूम अंश कुमार की हत्या के आरोप में उसके पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना 25 अगस्त की है, जबकि आरोपी को बुधवार 26 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बताया गया कि परिवार में काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी बीच 25 अगस्त को किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकाश कुमार अपने छह माह के बेटे अंश कुमार को घर के पास स्थित कुएं के समीप ले गया और वहां उसे जमीन पर पटक दिया।
इस घटना में मासूम के सिर में गंभीर चोट लगी। चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मासूम को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 135/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इधर, मासूम की मौत के बाद लुपुंग गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार घरेलू विवाद का खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




