चांडिल डैम की खूबसूरती देख प्रभावित हुए हेमंत सोरेन, विकास का तैयार होगा ब्लूप्रिंट

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार के साथ चांडिल डैम का भ्रमण किया। अधिकारियों को इको-टूरिज्म, बोटिंग, पर्यटकों की सुरक्षा और स्थानीय रोजगार बढ़ाने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने का निर्देश दिया।

चांडिल, (झारखंड) — झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने पहल तेज करने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने परिजनों के साथ चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान वे यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने झारखंड की इस प्राकृतिक धरोहर को राज्य के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री सरायकेला-खरसावां जिले के धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम पहुंचे थे। भ्रमण के दौरान उन्होंने डैम के विकास को लेकर जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, जल प्रबंधन और चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। इसे बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बनाने की जरूरत है। उन्होंने उपायुक्त को इन सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार की कोशिश है कि पर्यटन विकास का लाभ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और स्थानीय लोगों तक पहुंचे।

पर्यावरण संरक्षण के साथ तैयार होगा विकास का ब्लूप्रिंट

मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम और इसके आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की योजनाएं इस तरह बनाई जाएं, जिससे प्राकृतिक वातावरण और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना क्षेत्र का कायाकल्प किया जा सके। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.