पिठोरिया, (रांची) — बारह पड़हा सोहराय डायर जतरा के अवसर पर इचापिड़ी पंचायत में भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खेल मैदान में उतरे खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, जोश और खेल भावना से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं वर्तमान पंचायत समिति सदस्य ऐनुल हक अंसारी, पंचायत की मुखिया लाखो उरांव, उपमुखिया मो. गुफरान अंसारी, वार्ड सदस्य पंचम उरांव, ग्राम प्रधान पेप्ला उरांव, पूर्व मुखिया सोमरा उरांव, जमील अख्तर, सुधीर बैठा, दीपक दास और नमी उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर देते हैं।
अतिथियों ने यह भी कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सामाजिक सद्भाव को भी मजबूती मिलती है।
बारह पड़हा सोहराय डायर जतरा के मौके पर आयोजित इस टूर्नामेंट ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। स्थानीय लोगों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।
अबु रेहान की रिपोर्ट



