राजीव रंजन
रांची : राजधानी रांची में चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के साथ कथित मारपीट और उसे जबरन ले जाने की घटना के बाद भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आदित्य साहू ने बताया कि विधायक जनार्दन पासवान ने फोन के जरिए उन्हें अपने बेटे के साथ हुई घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलने के बाद उन्होंने रांची के एसएसपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पर बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद युवक को धुर्वा इलाके से बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई।
साहू ने कहा कि घटना की वास्तविक सच्चाई विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घटना को लेकर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रांची जैसे शहर में इस तरह की घटना सामने आने के बाद आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
इस दौरान आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। हालांकि, इन आरोपों को लेकर सरकार या पुलिस प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई के साथ भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाना भी जरूरी है।



