महिलाओं को वोट बैंक नहीं, नेतृत्व की जिम्मेदारी देनी होगी: महतो

सुदेश महतो ने कहा कि महिलाओं को सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रशिक्षण, पूंजी, बाजार और नेतृत्व के अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।

राजीव रंजन 

रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखने की सोच बदलनी होगी। उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी देने के साथ रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर भी उपलब्ध कराने होंगे।

सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित महिला संवाद एवं सदस्यता कार्यक्रम के दौरान सुदेश महतो ने कहा कि महिला समूहों का उद्देश्य केवल बचत और लोन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। महिलाओं को रोजगार, कारोबार और बाजार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से स्थायी बदलाव नहीं आएगा। इसके लिए उनके लिए आय के स्थायी साधन विकसित करने होंगे। पूंजी के साथ उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अपने उत्पाद या कारोबार के लिए बाजार की सुविधा भी उपलब्ध करानी होगी।

महतो ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो परिवार के महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी। आर्थिक आत्मनिर्भरता महिलाओं को समाज में अपनी भूमिका और नेतृत्व को मजबूत करने का अवसर देगी।

कार्यक्रम के दौरान कई महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इस दौरान महिला संवाद के जरिए संगठन और महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत शिक्षा मंत्री सुदीप्त कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखकर हुई। इस मौके पर आजसू पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *