मनीष सिन्हा
धनबाद। धनबाद लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी रेल सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने धनबाद और कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी है। ट्रेन संख्या 22363/22364 के संचालन की स्वीकृति पूर्व मध्य रेलवे के प्रस्ताव के आधार पर दी गई है। धनबाद सांसद ढुलू महतो ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया है।
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को शाम 4:10 बजे धनबाद जंक्शन से रवाना होगी और सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22364 प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:50 बजे कोयंबटूर से चलेगी और गुरुवार दोपहर 1 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव धनबाद तथा द्वितीयक रखरखाव कोयंबटूर में किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई अमृत भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहरावों में न्यू वेस्ट केबिन, मानिकपुर, जुझारपुर, बल्हारशाह और रेणिगुंटा शामिल हैं। ट्रेन के मार्ग में वॉटरिंग और अन्य परिचालन सुविधाओं के लिए भी विभिन्न स्टेशनों को चिन्हित किया गया है।
इस ट्रेन के शुरू होने से धनबाद सीधे दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक शहर कोयंबटूर से जुड़ जाएगा। इससे विद्यार्थियों, श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार उठाते रहे हैं मांग
सांसद ढुलू महतो ने धनबाद क्षेत्र में नई ट्रेनों के परिचालन, ट्रेनों के मार्ग विस्तार और आवृत्ति बढ़ाने को लेकर रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार मांग उठाई है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी इस संबंध में पत्र लिखा था।
ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की जनता को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस की मंजूरी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में धनबाद से देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू कराने, बंद ट्रेनों का पुनः परिचालन, मार्ग विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता के साथ रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा।




