मनीष सिंह
महुआडांड़ : प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार शिव मंदिर परिसर एक बार फिर गणपति भक्ति में रंगने को तैयार है। आर्यन संघ की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री गणेश चतुर्थी पूजा महोत्सव को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। 14 सितंबर से गणेश चतुर्थी पूजा के साथ सात दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ होगा।
पूजा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए बाजार शिव मंदिर के समीप भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल अब अपने अंतिम स्वरूप में नजर आने लगा है। इस बार विशेष आकर्षक लाइटिंग और मनमोहक सजावट पर भी जोर दिया जा रहा है। पूजा पंडाल से शास्त्री चौक तक पूरे पूजा परिसर को भव्य गेट और खूबसूरत रोशनी से सजाया जा रहा है। शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
11 वर्षों से जारी है गणेश पूजा की परंपरा
आर्यन संघ के पंकज दास बाबू ने बताया कि संघ की ओर से पिछले 11 वर्षों से लगातार गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य बनाने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। पूजा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सप्ताहभर रहेगा भक्तिमय माहौल, भव्य भंडारे का भी आयोजन
हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी गणेश चतुर्थी महोत्सव सात दिनों तक मनाया जाएगा। पूजा-अर्चना के साथ पूरे सप्ताह श्रद्धालुओं के बीच भक्तिमय माहौल बना रहेगा। पूजा समिति की ओर से एक दिन भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
आयोजन को सफल बनाने में आर्यन संघ के सदस्य अभिषेक कुमार, पंकज दास बाबू, विकास कुमार भोला, सत्यम कुमार, हंस कुमार, करण कुमार, विशेष जायसवाल, निकेश कुमार, भोला केशरी, मन्नू कुमार, ऋषभ सोनी, रोहित कुमार, सूरज कुमार, मनीष गुप्ता, ओम गुप्ता, रोशन पासवान, सूरज केशरी, प्रियांशु बजरंगी, विभूति पाठक, विवेक केशरी, हिमांशु जायसवाल, सोनू गुप्ता, गोलू कुमार और शौर्य कुमार समेत अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।
सभी सदस्य पूरे उत्साह और मेहनत के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर महुआडांड़ में भक्ति, आस्था और उत्सव का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जिसका श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार है।




