जमशेदपुर I यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देशभर के करीब आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी शुक्रवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का असर बैंकिंग सेवाओं पर भी देखने को मिला। जमशेदपुर में भी बैंक कर्मियों ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को गोलमुरी स्थित यूको बैंक के सामने संजय मुखी के नेतृत्व में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे बैंक कर्मियों ने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आगामी 28, 29 और 30 सितंबर को भी हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से लगातार अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान को लेकर सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सरकार की एकतरफा और भेदभावपूर्ण पीएलआई योजना को वापस लेना तथा इसके क्रियान्वयन पर रोक लगाना शामिल है। इसके अलावा यूनियनों ने पीएलआई योजना में आवश्यक संशोधन को लेकर बैंक कर्मचारी संगठनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता शुरू करने की मांग की है।
यूनियनों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की भी मांग उठाई। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान यूको बैंक के अमित कुमार, संजय मुखी, कृष्णा गोराई, उमेश लाल, पूनम चक्रवर्ती, सेनापति महतो, संजय उरांव, राजीव कुमार, सुंदर मोहन बास्के, राजा तमसोय सहित सैकड़ों बैंक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




