मनीष सिंह
महुआडांड़ : झारखंड एथलेटिक संघ और धनबाद जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 21 और 22 अगस्त को धनबाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित तृतीय झारखंड राज्य सब-जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लातेहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने कुल सात पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के बाद जिले में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के ट्रायथलॉन ‘ए’ में अंतरी रानी कुजूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-16 बालिका वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में आकांक्षा मिंज ने रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
अंडर-16 बालिका वर्ग की 80 मीटर हर्डल्स में संगीता कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया। इसी वर्ग के पेंटाथलॉन में विनीता लकड़ा ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया।
अंडर-16 बालक वर्ग में नितिन आर्यन पांडेय ने पेंटाथलॉन और 80 मीटर हर्डल्स, दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग के ट्रायथलॉन ‘सी’ में शुभम कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत को दिया। उनका कहना है कि निरंतर तैयारी और बेहतर प्रदर्शन के संकल्प ने उन्हें प्रतियोगिता में पदक जीतने में मदद की।
लातेहार के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, जिला एथलेटिक्स संघ की सचिव अनुभा खाखा, संघ अध्यक्ष रॉबर्ट मिंज, उपाध्यक्ष सुशांत उज्ज्वल कुजूर और तनवीर अहमद, संयुक्त सचिव महताब आलम समेत संघ के अन्य सदस्यों ने बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।




