मनीष सिन्हा
धनबाद : झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा धनबाद जिला 10 सितंबर 2026 को धनबाद उपायुक्त कार्यालय का घेराव और जोरदार प्रदर्शन करेगी। पार्टी का कहना है कि युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को धनबाद विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा के जगजीवन नगर स्थित आवासीय कार्यालय में हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आंदोलन की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा के अनुसार, कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। प्रदर्शन में उनकी विशेष उपस्थिति रहेगी। धनबाद विधायक राज सिन्हा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में 10 सितंबर के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राज सिन्हा ने कहा कि झारखंड के युवाओं ने मेहनत और ईमानदारी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की है। यदि परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं तो यह केवल परीक्षा तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर परिस्थिति में राज्य के युवाओं के साथ खड़ी है।
राज सिन्हा ने JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय CBI जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेकर उन्हें न्याय दिया जाना चाहिए।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने 10 सितंबर के आंदोलन को युवाओं की आवाज को बुलंद करने वाला महत्वपूर्ण प्रदर्शन बनाने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा धनबाद विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले में युवाओं के अधिकार, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।
भाजपा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता और परीक्षाओं में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में जिला महामंत्री मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, जिला मंत्री रीता यादव, मौसम सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष नित्यानंद मंडल, विभा रानी सिंह, बसंती सिंह, राजाराम दत्ता, हुल्लास दास, रंजय सिंह, इंद्रभूषण कुशवाहा, गौतम चौधरी, मनोज गुप्ता, दिलीप सिंह, निर्मल प्रधान, उमेश सिंह, रिंकू सिंह, सुमन सिंह, बबलू सिंह, राणा सिंह, अरविंद झा, अप्पू सिंह और नरेंद्र त्रिवेदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा ने अपने आंदोलन को लेकर कहा कि 10 सितंबर को धनबाद की धरती से युवाओं के अधिकार और न्याय की आवाज बुलंद की जाएगी। पार्टी ने दोहराया कि वह कथित परीक्षा धांधली की निष्पक्ष जांच, छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।




