अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर खरिकाबाद में जन-वाचन, जागरूकता का लिया संकल्प

खरिकाबाद में जन-वाचन कार्यक्रम के दौरान पुस्तकों पर चर्चा के साथ पेंशन, पानी और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं पर मंथन हुआ।

मनीष सिन्हा 

खरिकाबाद : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 8 सितंबर 2026 को मध्य विद्यालय खरिकाबाद में जन-वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ज्ञान विज्ञान समिति झारखंड की जिला इकाई धनबाद और जनवादी लेखक संघ धनबाद की ओर से आयोजित कार्यक्रम एआईपीएसएन एवं बीजीवीएस के राष्ट्रीयव्यापी जन अभियान “जो है उससे बेहतर चाहिए” के तहत डॉ. एम. पी. परमेश्वरन की स्मृति में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या-14 के पार्षद मो. निसार आलम ने की, जबकि संचालन ज्ञान विज्ञान समिति के सचिव भोला नाथ राम ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. एम. पी. परमेश्वरन की स्मृति और झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

जन-वाचन के दौरान कई पुस्तकों को चर्चा के लिए चुना गया। इनमें “पुलिस और हम”, “चरखे पर गांधी”, “लॉटरी” और “प्रतिद्वंद्वी भूत” सहित अन्य पुस्तकें शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने पुस्तकों की विषयवस्तु और उनके सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि वे पुस्तकों के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में जन-वाचन की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि नियमित पठन-पाठन और सामूहिक वाचन के जरिए समाज में ज्ञान और जागरूकता का विस्तार किया जा सकता है।

बैठक के दौरान सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। उपस्थित लोगों ने बताया कि विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और मैया सम्मान योजना जैसी योजनाओं का लाभ कई महीनों से प्रभावित है। इसके अलावा पानी और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

पार्षद एवं समाजसेवी रविंद्र कुमार राम तथा भोला नाथ राम ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही सामूहिक रूप से पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को उनके अधिकारों और सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम में यह संकल्प दोहराया गया कि हर क्षेत्र में साक्षरता की अलख जगाने और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। ज्ञान विज्ञान समिति धनबाद की ओर से अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिले के कई अन्य स्थानों पर भी इसी तरह जन-वाचन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर समाजसेवी रविंद्र कुमार राम, आंगनबाड़ी सेविका जयंती देवी, शंकर रवानी, आशा देवी, रूना दत्ता, रेखा देवी, दिनेश सिंह, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, काजल देवी, रानी देवी, निभा कुमारी, बिंदु देवी, सरिता देवी, रूबी देवी, रिंकू कुमारी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *