धनबाद : शहर के पुराना बाजार क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। उपायुक्त धनबाद आदित्य रंजन एवं अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी संजीव प्रसाद के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और छोटे ठेला-खोमचा सहित लगभग 37 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल के मामले सामने आए। विशेष रूप से छोले, समोसा और मसालों में प्रतिबंधित रंगों के उपयोग से तैयार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
शालीमार और क्वालिटी रेस्टोरेंट पर हुई कार्रवाई
जांच अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़ी अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
- शालीमार रेस्टोरेंट: निरीक्षण के दौरान यहां से दो विधिक खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही लगभग छह लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक जब्त की गई। प्रतिष्ठान में पाई गई अनियमितताओं को लेकर संचालक को नोटिस जारी किया गया।
- क्वालिटी रेस्टोरेंट: यहां से एक विधिक खाद्य नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य कारोबार संचालित किए जाने को लेकर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
जांच अभियान में सामने आए ये आंकड़े
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जारी कार्रवाई के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, अभियान के दौरान कुल लगभग 37 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल पांच विधिक नमूने संग्रहित किए गए, जबकि लगभग छह लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक जब्त की गई।
इसके अलावा प्रतिबंधित रंगों से तैयार खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया गया और विभिन्न अनियमितताओं को लेकर कुल पांच नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं: प्रशासन
खाद्य सुरक्षा प्रशासन, धनबाद ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का भंडारण और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक, आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।


