छात्रों पर लाठीचार्ज और मुकदमे के खिलाफ भाजपा की हुंकार, निकली रैली

जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली, छात्रों पर लाठीचार्ज और मुकदमों के विरोध में भाजपा ने मेदिनीनगर में जनाक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया।

मेदिनीनगर । झारखंड में हुई जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली, शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और विभिन्न थानों में छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन के तहत मेदिनीनगर में जनाक्रोश रैली निकाली। भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। रैली में शामिल कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान ‘छात्रों पर दर्ज मुकदमा वापस करो’ और ‘परीक्षा में धांधली की जांच सीबीआई से कराओ’ जैसे नारे लगाए गए।

धरना को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राज्यसभा सांसद और कार्यक्रम प्रभारी दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में जब-जब अन्याय बढ़ा है, तब-तब भाजपा ने आंदोलन के जरिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे आंदोलनों से अन्याय पराजित हुआ और न्याय की जीत हुई है। दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार बालू, कोयला और शराब घोटालों के साथ छात्रों के भविष्य से भी खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राजद और अन्य सहयोगी दल भी इसमें शामिल हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में घोटालेबाजों की सरकार चल रही है और आदिवासी हितों की बात करने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब आदिवासी विरोधी रवैया अपना रहे हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता चौकीदार की भूमिका में है और राज्य में किसी भी तरह के घोटाले या घोटालेबाजों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि विभिन्न थानों में छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे जल्द वापस लिए जाएं, अन्यथा भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन और तेज करेगी।

धरना को संबोधित करते हुए सांसद बीडी राम ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने के लिए कई हथकंडे अपना रही है और कांग्रेस इसमें उसका साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। बीडी राम ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ पुलिस और जेएमएम कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। उन्होंने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताया।

डालटनगंज-चैनपुर-भंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक चौरसिया ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में गूंगी-बहरी सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सोचे-समझे झारखंडी छात्रों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें पीटा गया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी। विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों को न्याय देने के बजाय भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने में लगी है, जिसका असर आने वाले समय में गंभीर रूप से सामने आएगा।

पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में आम जनता परेशान है और विकास की गति थम गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोयला, बालू और शराब के कारोबार के साथ अब ‘नौकरी बेचवा’ सरकार बन गई है, जिससे झारखंड के होनहार छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि आंदोलनरत छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।

धरना को जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व सांसद घूरन राम, मनोज कुमार भुइयां, प्रभात भुइयां, श्याम नारायण दुबे, प्रेम सिंह समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में शशिभूषण भगत, सुरेंद्र विश्वकर्मा, प्रफुल्ल सिंह, दुर्गा जौहरी, रूपा सिंह, सतीश पासवान, लवली गुप्ता, विपुल गुप्ता, विजय कुशवाहा, ज्योति पांडे, जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, पिंकी विश्वकर्मा, विजय पाठक, निजी सचिव सरोज चटर्जी, प्रोफेसर बच्चन ठाकुर, मंत्री सह अधिवक्ता लाला प्रसाद यादव, प्रमुख सुनील कुमार पासवान, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष रौशन सिंह, मनातू विधायक प्रतिनिधि उदेश यादव, पांकी विधायक प्रतिनिधि राजेन्द्र यादव, तरहसी मंडल अध्यक्ष परमेश्वर साव, सतबरवा विधायक प्रतिनिधि महेश यादव, मुखिया रिंकी यादव, वीरेंद्र मेहता, अनुज चंद्रवंशी, रीमा शर्मा, मनातू मंडल अध्यक्ष अरविंद यादव, सत्येंद्र यादव, सुधीर तिवारी, राजेश चंद्रवंशी, दीपक कुमार, रोहित मेहता, अंकित मेहता, राजेश, प्रेमचंद यादव, सुनील पासवान, सोमेश सिंह, संध्या सिंह, श्याम किशोर, पंकज, पिंकी विश्वकर्मा, रेखा देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *