गोरखपुर में पीआरडी जवानों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, भत्ता बढ़ा

गोरखपुर में सीएम योगी ने पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 किया और परिवार समेत ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की।

गोरखपुर : महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ की पावन तपोभूमि गोरखपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों के सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पीआरडी जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उनके कल्याण और सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। योजना के तहत पीआरडी जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को हर वर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़कर ₹600

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। योगी सरकार के कार्यकाल में पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में यह चौथी वृद्धि है। सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर में ड्यूटी करने वाले पीआरडी स्वयंसेवकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवक प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। आपदा, त्योहारों, यातायात व्यवस्था और अन्य विपरीत परिस्थितियों में पीआरडी जवान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उनका अनुशासन, सेवाभाव और समर्पण प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बेहतर आवास और स्वास्थ्य सुविधा पर जोर

पीआरडी जवानों के लिए ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा और बेहतर आवासीय व्यवस्था के फैसले को बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में प्रस्तावित बहुमंजिला बैरक का शिलान्यास कर पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाओं की दिशा में भी कदम बढ़ाया।

वाराणसी समेत प्रदेश के अन्य जिलों में सम्मेलन का लाइव प्रसारण किया गया। वहां मौजूद पीआरडी जवानों ने सरकार की घोषणाओं पर खुशी जताई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी स्वयंसेवकों के सेवाभाव, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए प्रदेश की सुरक्षा और जनसेवा में उनके योगदान के लिए उनका अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने सभी स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.