प्रतापगढ़ : पांडवकालीन धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भयहरणनाथ धाम में नागपंचमी के अवसर पर सावन मेले के तहत भव्य ‘घुघुरी लोक उत्सव’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। समाज और जनपद के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्टजनों को विभिन्न सम्मान से नवाजा गया।
भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान, बकुलाही पुनरोद्धार अभियान और कटरा गुलाब सिंह नागरिक विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल रहे। उन्होंने कजरी प्रस्तुत कर उत्सव में लोक संस्कृति का रंग और गहरा कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिलाधिकारी एवं पूर्व आयुक्त आरएस वर्मा ने की।
विशिष्टजनों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार सुनील प्रभाकर, जया मोहन श्रीवास्तव और लोकगायिका प्रतिमा मिश्रा समेत कई लोगों को प्रतापगढ़ गौरव सम्मान प्रदान किया गया। उनके योगदान की सराहना करते हुए आयोजकों ने सम्मानित किया।
इसी क्रम में आलोक आजाद, डीके शर्मा, दिनेश अग्रहरि समेत अन्य लोगों को बाबू गुलाब सिंह समाज रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. उषा मिश्रा, आकांक्षा सिंह और अंजलि वैश्य समेत कई महिलाओं को गुड़िया सम्मान प्रदान किया गया।
लोकगीत से कवि सम्मेलन तक सजी महफिल
घुघुरी लोक उत्सव में लोकगीत और सावनी प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान दो किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इसके अलावा विराट कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान जनकवि प्रकाश की 56वीं कृति ‘वो पथिक प्रिय’ का लोकार्पण भी किया गया।
पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति, साहित्य और सामाजिक सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। नागपंचमी के अवसर पर आयोजित इस उत्सव ने भयहरणनाथ धाम के सावन मेले में सांस्कृतिक रंग भर दिया।




