गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। करीब 200 लोगों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन में एक महिला ने शिकायत की कि कुछ दबंग उसे रास्ता देने से इनकार कर रहे हैं और धमकी भी दे रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि यह सामने आता है कि संबंधित लोगों को रास्ता उपलब्ध कराने में कानूनगो या तहसीलदार स्तर से लापरवाही बरती गई है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर संबंधित कानूनगो और लेखपाल को निलंबित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी व्यक्ति को अपने अधिकार से जुड़े रास्ते या अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
जमीन के मामलों में लापरवाही पर भी सख्ती
सीएम योगी ने भूमि संबंधी मामलों में लापरवाही को लेकर भी अधिकारियों को चेताया। उन्होंने कहा कि जमीन के मामलों में यदि किसी भी स्तर पर हीलाहवाली, अनावश्यक देरी या शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता सामने आती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र का उद्देश्य लोगों की समस्याएं बढ़ाना नहीं, बल्कि उनका समाधान करना है।
जरूरतमंदों को समय पर मिले सरकारी योजनाओं का लाभ
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की अन्य समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ी है। किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतें सुनकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।




