इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत, 64 दिन बाद आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार

गिरिडीह में इंजेक्शन लगाने के बाद युवक की मौत के मामले में 64 दिनों से फरार आरोपी चिकित्सक को पुलिस ने देवघर स्थित किराए के मकान से पकड़ा।

विलियम जैकब

गिरिडीह : गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ला में फर्जी फिजियोथेरेपी क्लीनिक के नाम पर नर्सिंग होम संचालित करने के आरोपी चिकित्सक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 64 दिनों से फरार चल रहे आरोपी को नगर थाना पुलिस ने देवघर से पकड़ा। आरोपी पर इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद एक मरीज की मौत होने का आरोप है।

घटना के बाद आरोपी चिकित्सक अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया था। मामले ने तूल पकड़ा तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया था। इस मामले में राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी संज्ञान लिया था।

जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नंबर निवासी राजकुमार पासवान कंधे में दर्द की शिकायत लेकर डॉ. एन.के. सिन्हा के फिजियोथेरेपी क्लीनिक पहुंचे थे। आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ ही देर बाद राजकुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

बताया जाता है कि उनकी हालत लगातार खराब होती चली गई और अहले सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही आरोपी चिकित्सक फरार चल रहा था। नगर थाना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।

गुरुवार की अहले सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चिकित्सक देवघर में किराए के मकान में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर करीब सुबह 4 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। न्यायालय के निर्देश पर उसका मेडिकल जांच कराया गया, जिसके बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *