विलियम जैकब
गिरिडीह : शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में गिरिडीह नगर निगम ने कदम तेज कर दिए हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने आकांक्षा संस्था से जुड़े सफाई कर्मियों और वाहन चालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान सफाई व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और कर्मियों की बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सफाई कर्मियों की संख्या, मानदेय, सुरक्षा व्यवस्था समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। मेयर और डिप्टी मेयर ने सफाई मित्रों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया।
नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मियों की कमी को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मी उपलब्ध होने से सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुचारू और प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
आगामी त्योहारों को लेकर शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने की तैयारी है। मेयर प्रमिला मेहरा ने स्पष्ट कहा कि शहर की साफ-सफाई नगर निगम की प्राथमिकता है। किसी भी वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में आकांक्षा संस्था के कर्मियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य सफाई कर्मियों की पहचान स्पष्ट करने के साथ कार्य व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखना है।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य सभी वार्डों में समान रूप से विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ निगम के कर्मचारियों की समस्याओं का भी समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।
बैठक में आलोक सिंह, नवीन सिंह, उमेश, आफताब, अभिजीत समेत आकांक्षा संस्था से जुड़े अन्य कर्मी मौजूद रहे।




