हरिहरगंज I पीपरा प्रखंड क्षेत्र के बभंडी पंचायत अंतर्गत मंजुरहा मौजा में बुधवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक पशुपालक को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। विद्युत प्रवाहित एलटी तार की चपेट में आने से ढाब कला गांव निवासी जयराम मेहता की करीब चार वर्ष की भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि भैंस दो माह की गाभिन थी। घटना के बाद पशुपालक के परिवार में मायूसी छा गई।
जयराम मेहता ने बताया कि घटनास्थल पर एलटी बिजली तार करीब दो माह से जमीन पर गिरा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना विद्युत विभाग को भी दी थी। पशुपालक के अनुसार, सूचना देने के बावजूद तार को हटाने या बिजली आपूर्ति बंद करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
बुधवार को भैंस चरते हुए उसी विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गई। तार के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पशुपालक जयराम मेहता ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते जमीन पर पड़े तार को हटा दिया जाता या विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने बताया कि भैंस उनके परिवार की जीविका का प्रमुख साधन थी। भैंस की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है।
पशुपालक ने विद्युत विभाग से घटना की जांच कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुआवजा मिलने से उन्हें कुछ राहत मिल सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने पर सहायक पशु चिकित्सक अमित उर्फ राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस दौरान घूरा पासवान, विदेशी भुईयां, राकेश यादव, बौद्ध भुईयां, मुकेश मेहता, भूरा ठाकुर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग से जमीन पर गिरे और जर्जर बिजली तारों की जांच कर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




