तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ। राजधानी के थाना मदेहगंज क्षेत्र में युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और गंभीर हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां रानी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उनका बेटा विमल हनुमान सेतु स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्य करता है। आरोप है कि 29 जुलाई को ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय रास्ते में ऋषभ नामक युवक ने उसे रोक लिया और घर छोड़ने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया। परिजनों का आरोप है कि घर ले जाने के बजाय ऋषभ उसे अपने घर ले गया।
तहरीर के मुताबिक वहां ऋषभ, उसके पिता राजकुमार तथा चाचा बंगाली ने मिलकर विमल की लोहे की पटरियों से बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के बाद आरोपी उसे घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। देर रात परिजनों ने घायल अवस्था में विमल को घर पहुंचाया। आरोप है कि हमले में उसका पैर भी टूट गया।
घायल की हालत बिगड़ने पर शनिवार को उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुधीर कुमार को सौंपी गई है।



