जमीन विवाद में महिला की हत्या, कुबड़ी पुल के नीचे फेंका शव

ईचाक के कुबड़ी पुल के नीचे मिले महिला के शव की पहचान रंजना सिन्हा के रूप में हुई, पुलिस ने हत्या के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

 

हजारीबाग I ईचाक थाना क्षेत्र में 25 अगस्त को नेशनल पार्क के पीछे कुबड़ी पुल के नीचे मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन के लेन-देन से जुड़े विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। मामले में बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र निवासी प्रकाश कुमार (27) को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ी से मृतका का चश्मा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि कुबड़ी पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही ईचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य-परीक्षण के लिए भेज दिया। अंत्य-परीक्षण के बाद शव को पहचान के लिए शीतगृह में सुरक्षित रखा गया था।

इस मामले में ईचाक थाना कांड संख्या 144/26, दिनांक 25 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी शाखा की मदद से अनुसंधान आगे बढ़ाया गया। इसी क्रम में पुलिस ने प्रकाश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान प्रकाश कुमार ने हत्या में अपने दो अन्य सहयोगियों विक्की कुमार पासवान, निवासी बगलती, थाना मानपुर, गया और आयुष कुमार, निवासी विधाबाजार, थाना चौपारण, हजारीबाग के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, जमीन के लेन-देन को लेकर रंजना सिन्हा की 23 अगस्त को गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद रात के समय शव को ईचाक थाना क्षेत्र में नेशनल पार्क के पास कुबड़ी पुल के नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान रंजना सिन्हा, पति सुरेश कुमार सिन्हा, निवासी ओकनी, न्यू एरिया, थाना लोहसिंघना, हजारीबाग के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ी से मृतका का चश्मा बरामद किया। प्रकाश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार प्रकाश कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बाराचट्टी थाना, गया में कांड संख्या 510/19 के तहत बिहार उत्पाद अधिनियम की धारा 30ए तथा बोधगया थाना कांड संख्या 291/19 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 338, 353 एवं बिहार उत्पाद अधिनियम की धारा 30ए के मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

छापामारी दल में ईचाक थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक निशांत केरकेट्टा, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक नंदकिशोर दास, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश कुमार दास सहित ईचाक थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *