हजारीबाग I हजारीबाग पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पेलावल ओपी क्षेत्र से जुड़े एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिल, एक टोटो और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनकी खरीद-बिक्री करता था। 17 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह के सदस्य दोबारा चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान रंजन और सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने छरवां डैम के पास कुछ संदिग्ध लोगों को मोटरसाइकिल के साथ घूमते देखा। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि 16 सितंबर को छरवां मैदान बाजार से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इस संबंध में कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना कांड संख्या 149/26 दर्ज है। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें इरफान अंसारी उर्फ छोटू और मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश के घर, ग्राम करमा स्थित एक बॉडी गैरेज और डांटो के जंगल में छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस को यह भी पता चला कि केरेडारी क्षेत्र के कुछ गैरेजों में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की जा रही थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिल और एक टोटो बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश, इरफान अंसारी उर्फ छोटू, मो. मुन्ना उर्फ ताहिर, तसलीम अंसारी, सरफराज आलम, पवन कुमार साव और फजरुद्दीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित थानों में आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद वाहनों में अपाची, होंडा साइन, स्प्लेंडर प्लस, ग्लैमर, पैशन प्रो समेत विभिन्न कंपनियों और मॉडल की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से बरामद वाहनों की पहचान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से जोड़कर की है। इनमें बड़कागांव, पेलावल, लोहसिंघना, कोर्रा, सदर और इचाक थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद कई मोटरसाइकिलें पहले से दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाई गई हैं। गिरोह का खुलासा होने के बाद पुलिस अब इसके अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



