नक्सल प्रभावित इलाकों में सतर्कता बढ़ेगी, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

एसपी कपिल चौधरी ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी, मजबूत सूचना तंत्र और आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने का निर्देश दिया।

मेदिनीनगर । पलामू जिले में संचालित नक्सल विरोधी अभियान को लेकर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के विभिन्न अनुमंडलों और थानों के एसडीपीओ, पुलिस इंस्पेक्टर तथा थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने नक्सल अभियान और नक्सलियों की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि जिले के नक्सल प्रभावित थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जानी चाहिए और प्रभावी तरीके से अभियान चलाया जाना जरूरी है। उन्होंने सूचना तंत्र को और मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सतर्कता बरतते हुए अभियान को आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय जरूरी है। सभी अधिकारी सतर्क रहते हुए सक्रिय रूप से अभियान चलाएं, ताकि पुलिस को अधिकतम सफलता मिल सके। उन्होंने नक्सल गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को थाना क्षेत्रों में लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का अनुसंधान निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और न्याय के हकदार लोगों को समय पर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए।

बैठक में हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला, छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, सदर एसडीपीओ राजेश यादव, लेस्लीगंज-पांकी एसडीपीओ प्रशांत कुमार, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, चैनपुर थाना प्रभारी लालजी, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी और हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार समेत जिले के कई थाना प्रभारी मौजूद थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *