पांकी । पांकी प्रखंड के केकरगढ़ पंचायत अंतर्गत गरीहरा गांव में आजादी के 80 वर्ष बाद भी पक्की सड़क नहीं पहुंच सकी है। ग्रामीण आज भी कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से आवागमन करने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।
ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए रविवार को पांकी पूर्वी क्षेत्र के जिला परिषद के भावी उम्मीदवार सुनील कुमार यादव उर्फ उमेश यादव ने पहल की। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर अपने निजी खर्च से जेसीबी लगवाकर गरीहरा के मुख्य मार्ग को समतल कराया और उसे आवागमन के लायक बनाया।
रास्ते की मरम्मत होने के बाद ग्रामीणों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में मुख्य मार्ग पर घुटने भर तक कीचड़ जमा हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
इस मौके पर सुनील कुमार यादव ने कहा कि गरीहरा गांव के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पक्की सड़क की है। सरकारी उपेक्षा के कारण गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से दूर है। ग्रामीणों की परेशानी देखकर उनसे रहा नहीं गया, इसलिए उन्होंने अपने स्तर से रास्ते को ठीक करवाने की पहल की।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद गरीहरा गांव को पक्की सड़क से जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकताओं में शामिल होगा। रास्ता समतलीकरण के इस कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने भी श्रमदान किया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और निजी पहल से मिली तत्काल राहत पर खुशी जताई।




