हजारीबाग I गिद्दी थाना पुलिस ने कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने के आरोप में राहुल दुबे गिरोह से जुड़े दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लेवी के 40 हजार रुपये नकद, वीवो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को गिद्दी थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से गिद्दी क्षेत्र में पहुंचकर कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी और तत्काल छापामारी टीम का गठन किया गया।
गुप्त सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम संदिग्ध मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए टोंगी-गिद्दी मेन रोड के पास पहुंची। पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया तो उस पर सवार दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस बल ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद नकद राशि लेवी की रकम बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार साव (19 वर्ष), पिता प्रमोद साव, निवासी सौंदागर मोहल्ला, रामगढ़ केंद्र, थाना व जिला रामगढ़ तथा अविनाश कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता राजेश साव, निवासी कोरियाटोला मुंडा टोली, थाना व जिला रामगढ़ के रूप में हुई है।
इस मामले में गिद्दी थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(b), 111(3), 308(3) और 308(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी पु0अ0नि0 मोहम्मद इकबाल हुसैन के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र जवान शामिल थे।




