विभाजन की त्रासदी पर संगम लाल गुप्ता का कांग्रेस पर तीखा हमला

सुल्तानपुर में भाजपा ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया, पीड़ित परिवारों को सम्मानित किया गया और राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया गया।

शिवसागर दूबे

सुल्तानपुर : भारत विभाजन की त्रासदी में मारे गए और विस्थापित हुए लाखों लोगों की स्मृति में भाजपा ने शुक्रवार को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया। जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता रहे। उन्होंने पंजाबी कॉलोनी स्थित विभाजन विभीषिका स्मृति स्मारक पर पुष्पार्चन कर विभाजन पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद गुरुद्वारा से रामनरेश त्रिपाठी सभागार तक गुरु नानक विद्यालय के बच्चों के साथ मौन जुलूस निकाला गया। सभागार पहुंचने पर अतिथियों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में विस्थापित परिवारों का सम्मान और संगोष्ठी भी आयोजित की गई।

संगम लाल गुप्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह संघर्ष, विस्थापन और बलिदान की दर्दनाक स्मृति है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सत्तालोलुपता और तुष्टीकरण की राजनीति ने देश के विभाजन का रास्ता तैयार किया।

उन्होंने कहा कि 1947 में सत्ता के लिए लिए गए निर्णय की कीमत लाखों निर्दोष लोगों को जान गंवाकर और करोड़ों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस इतिहास के इस काले अध्याय से सीख लेने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता व सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर है।

युवा पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने पर जोर

भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि यह स्मृति दिवस विभाजन का दंश झेलने वाले लोगों को नमन करने और युवा पीढ़ी को उस त्रासदी की पीड़ा से परिचित कराने का माध्यम है।

जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने भी विभाजन की त्रासदी से जुड़ी अपने परिवार की स्मृतियां साझा कीं। संगोष्ठी को नगर संघचालक सुदीप पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह छंगू और सरदार बल्देव सिंह ने भी संबोधित किया।

विभाजन पीड़ित परिवारों का हुआ सम्मान

मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि विभाजन विभीषिका से पीड़ित सरदार गुरचरण सिंह, सरदार गुरुदेव सिंह, माता सुदर्शन कौर, माता लाभा कौर और सरदार कल्याण सिंह को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभाग संघचालक डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. रमाशंकर मिश्रा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सीताशरण त्रिपाठी, करूणा शंकर द्विवेदी, डॉ. आरए वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल समेत भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर घनश्याम चौहान, सुमन सिंह, कृपा शंकर मिश्रा, विजय त्रिपाठी, गांधी सिंह, संदीप सिंह, आशीष सिंह रानू, चन्दन नारायण सिंह, अयोध्या प्रसाद वर्मा, आनंद द्विवेदी, अखिलेश जायसवाल, एलके दूबे, पंकज पटेल, आलोक आर्य, डॉ. प्रीति प्रकाश, बबिता तिवारी, संजय सोमवंशी, काली सहाय पाठक, रूपेश सिंह, विकास वर्मा, रीना जायसवाल समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *