रतन अग्रवाल
सिंदरी : रोड़ाबांध गोलंबर के समीप स्थित एफसीआईएल के पुराने बिजली सबस्टेशन को गुरुवार को एफसीआईएल प्रबंधन ने ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंदरी थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान एफसीआईएल के अधिकारी भी घटनास्थल पर तैनात रहे।
बताया गया कि इस पुराने सबस्टेशन का संचालन पहले जेबीवीएनएल द्वारा किया जाता था। जेबीवीएनएल की ओर से पूर्व में 3.3 केवी की विद्युत व्यवस्था के स्थान पर नई 11 केवी आपूर्ति व्यवस्था बहाल किए जाने के बाद पुराने सबस्टेशन की उपयोगिता समाप्त हो गई थी। इसके बाद पिछले कुछ महीनों से सबस्टेशन स्थायी रूप से बंद पड़ा था।
एफसीआईएल प्रबंधन ने पिछले कुछ दिनों में सबस्टेशन भवन में रखे ट्रांसफार्मर, पैनल समेत अन्य विद्युत उपकरणों को खोलकर सुरक्षित तरीके से हटा लिया था। इसी बीच प्रबंधन को जानकारी मिली कि बुधवार शाम बंद पड़े सबस्टेशन पर तीन राजनीतिक दलों की ओर से कथित तौर पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।
मामले की जानकारी सिंदरी यूनिट प्रबंधन ने दिल्ली स्थित एफसीआईएल मुख्यालय के उच्च पदस्थ अधिकारियों को दी। प्रबंधन ने मुख्यालय को मौके की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद गुरुवार को पुराने सबस्टेशन भवन को डोजरिंग के जरिए ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया।
कार्रवाई शुरू होने से पहले तीनों राजनीतिक दलों की ओर से सबस्टेशन में लगाए गए ताले खोले गए। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए नोक-झोंक की स्थिति भी बनी। हालांकि, पुलिस बल और एफसीआईएल अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रण में रखा गया।
इसके बाद प्रबंधन ने डोजरिंग की कार्रवाई शुरू कर सबस्टेशन भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एफसीआईएल के अधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।




