प्रतापगढ़ : जनपद के ग्राम सभा ईशीपुर में बुधवार को शहीद नायक पंकज पाल की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम से पहले शुकुलपुर से भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। डीजे पर देशभक्ति गीतों के बीच ‘शहीद पंकज पाल अमर रहें’ के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा शहीद स्थल पर पहुंची, जहां परिवारजनों की मौजूदगी में फीता काटकर शहीद नायक पंकज पाल की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शहीद की स्मृति में किया गया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रतिनिधि बीएल वर्मा के नेतृत्व में शहीद पंकज पाल की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ने शहीद स्थल के विकास को लेकर कई सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सांसद निधि से शहीद स्थल पर बाउंड्री वॉल, इंडिया मार्का हैंडपंप और सोलर लाइट लगवाने की पहल की जाएगी। इससे शहीद स्थल पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ परिसर का विकास भी हो सकेगा।
बड़ी संख्या में नेता और ग्रामीण हुए शामिल
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह, मुन्ना यादव, पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला पंचायत सदस्य मुन्ना सिंह, प्रधान संजय पाल, प्रधान उमेश चन्द्र पाल, प्रधान अमित पाल, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष मनीष पाल समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रभाकर पाल, पप्पू पाल एडवोकेट, केके पाल एडवोकेट, डॉ. विकास पाल, उमाशंकर पाल, चंचल पाल, सपा जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पाल, सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रामबहादुर पटेल, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुरेश यादव, युवजन सभा अध्यक्ष संजीव पटेल, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष सुरेश जायसवाल, शिवकुमार सोनी, मुकेश पाल, उत्तम सिंह यादव और सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में नेता और ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।
शहीद नायक पंकज पाल की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। तिरंगा यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।




