पाकुड़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गांजा समेत एक गिरफ्तार

कूड़ापाड़ा में घर से 194.85 ग्राम गांजा, तीन तौल मशीन, मोबाइल, नकदी और प्लास्टिक जिपर बरामद; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

पाकुड़ । जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कूड़ापाड़ा गांव में अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 194.85 ग्राम गांजा समेत गांजा की तौल और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश घोष (करीब 45 वर्ष), पिता स्वर्गीय भगत चंद्र घोष, निवासी कूड़ापाड़ा, थाना नगर, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, कूड़ापाड़ा स्थित सामुदायिक भवन के निकट शिव मंदिर के पास एक घर में अवैध रूप से गांजा और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने संबंधित घर में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम ने राजेश घोष को पकड़ लिया। इसके बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में घर की विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से कुल 194.85 ग्राम गांजा, गांजा तौलने की तीन मशीन, एक मोबाइल फोन, 1090 रुपये नकद और गांजा भरने के लिए इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक जिपर के चार बंडल बरामद किए।

पुलिस ने इस मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 209/26, दिनांक 06 सितंबर 2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार राजेश घोष को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *