विलियम जैकब
गिरिडीह : जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच अब गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड तक पहुंच गई है। मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस और जांच एजेंसी की टीम बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हाथबोर स्थित कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी के ससुराल पहुंची। यहां टीम ने उनके ससुर से पूछताछ कर मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी जुटाई।
पूछताछ के बाद जांच टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
जांच टीम के बेंगाबाद पहुंचने की सूचना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि बेंगाबाद और आसपास के क्षेत्रों से सीजीएल परीक्षा के माध्यम से एएसओ, एमओ, सीआई सहित कई पदों पर अभ्यर्थियों की नियुक्तियां हुई हैं। वहीं, जांच के दौरान एक सेवानिवृत्त कर्मी की भूमिका भी संदेह के घेरे में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, राजधानी रांची में छात्र संगठन जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
बेंगाबाद में जांच कार्रवाई के बाद कथित बिचौलियों और दलालों के बीच भी हलचल बढ़ने की चर्चा है। जांच एजेंसियां फिलहाल पूरे मामले की विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही हैं।
मामले में जांच रिपोर्ट और आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




