सुबह-सुबह सड़कों पर उतरे बीडीओ, अतिक्रमण से लेकर स्कूलों तक की व्यवस्थाओं पर चला एक्शन

बरडीहा में बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने पैदल निरीक्षण कर सरकारी भवनों, जलमीनार, विद्यालयों और जनसुविधाओं का जायजा लिया तथा कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मनीष सिन्हा

बरडीहा :  प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने शुक्रवार सुबह अपने नियमित फील्ड विजिट के तहत बरडीहा प्रखंड के विभिन्न टोले, गलियों और सरकारी संस्थानों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आवास, सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक सरकारी भवन पर अतिक्रमण का मामला सामने आया। इस पर बीडीओ ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित व्यक्ति को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बाजार क्षेत्र में एक खराब जलमीनार मिलने पर उन्होंने संबंधित मुखिया को उसे शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। इसके बाद जीका बुकचम में 15वें वित्त आयोग से स्थापित जलमीनार का निरीक्षण किया, जो चालू अवस्था में मिला। हालांकि उसका पानी सड़क पर बह रहा था। इस पर उन्होंने पानी की निकासी के लिए सड़क किनारे नाली निर्माण कराने और जलभराव रोकने के निर्देश दिए।

जीका मंदिर परिसर में जिला परिषद मद से स्थापित जलमीनार का मोटर खराब मिलने पर बीडीओ ने मौके से ही जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश से दूरभाष पर संपर्क कर मोटर को जल्द ठीक कराने का अनुरोध किया, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

जीका मिडिल स्कूल के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षक अलख पांडे की नियमित अनुपस्थिति की शिकायत की। इस पर बीडीओ ने प्रधानाध्यापक को उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। वहीं सहायक शिक्षक वशिष्ठ पासवान को विद्यालय अवधि के दौरान नियमित रूप से उपस्थित रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

बीडीओ ने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि यदि कोई शिक्षक देर से विद्यालय पहुंचे तो उसकी उपस्थिति दर्ज न की जाए और इसकी सूचना तत्काल प्रखंड मुख्यालय को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी प्रशासनिक टीम के साथ मौजूद रहे और इस पहल की सराहना की। बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि नियमित फील्ड निरीक्षण का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुल रहे हैं, विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति बेहतर हुई है तथा सरकारी व्यवस्थाओं में गुणात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।

निरीक्षण अभियान में अंचल अमीन अमलेश यादव, बड़ा बाबू अमरेंद्र तिवारी, प्रखंड के जूनियर इंजीनियर अनिल कुमार, बरडीहा के मुखिया प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, बीएफटी सहित अन्य अधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *