मेदिनीनगर : पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ सदस्य और पत्रकार अरविंद अग्रवाल के निधन से जिले के व्यवसायिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया गया। उनकी इकलौती पुत्री पल्लवी ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके भतीजे किट्टू ने भी अंतिम संस्कार में सहयोग किया। बताया गया कि किट्टू अंतिम समय तक उनके सुख-दुख में साथ रहे।
अरविंद अग्रवाल के निधन पर पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अरविंद अग्रवाल का जाना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। वे उनके लिए केवल मित्र नहीं, बल्कि भाई के समान थे। उनके जाने से जीवन में ऐसी कमी आई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
सरल और मिलनसार व्यक्तित्व को किया याद
आनंद शंकर ने दिवंगत अरविंद अग्रवाल को सरल, सौम्य, मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व का धनी बताया। उन्होंने कहा कि उनके व्यवहार में आत्मीयता, बातचीत में अपनापन और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना झलकती थी। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रति उनका जुड़ाव और सहभागिता हमेशा याद की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अरविंद अग्रवाल के निधन से केवल उनके परिवार और मित्रों को ही नहीं, बल्कि पूरे चेंबर परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। चेंबर परिवार उन्हें हमेशा सम्मान के साथ याद करेगा। आज उनके बीच नहीं रहने पर उनकी यादें ही अपनों का सहारा हैं।
‘उनका स्थान हमेशा विशेष रहेगा’
आनंद शंकर ने भावुक होते हुए कहा कि किसी अपने का बिछड़ना केवल एक व्यक्ति का चले जाना नहीं होता, बल्कि उससे जुड़ी अनगिनत यादों का स्मृतियों में बदल जाना भी होता है। अरविंद अग्रवाल उनके लिए ऐसे ही आत्मीय व्यक्ति थे, जिनका स्थान उनके जीवन में हमेशा विशेष रहेगा।
उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस कठिन समय में परिवार को दुख सहने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और सद्गति की कामना की।
आनंद शंकर ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि अरविंद अग्रवाल भले ही अब उनके बीच नहीं रहे, लेकिन उनका स्नेह, अपनापन और उनसे जुड़ी यादें हमेशा दिलों में जीवित रहेंगी। उन्होंने दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शत-शत नमन किया।



