चाचा की हत्या के आरोप में बंद कैदी की उपकारा में मौत, जांच शुरू

चाचा की हत्या के आरोप में एक साल से न्यायिक हिरासत में था सुनील बास्की, भोजन के बाद बैरक में सोने गया था; पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा मौत का कारण।

राजमहल I राजमहल उपकारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत शाल्टीपोखर गांव निवासी सुनील बास्की (35) के रूप में हुई है। वह अपने चाचा की हत्या के आरोप में पिछले करीब एक वर्ष से न्यायिक हिरासत में था। जेल प्रशासन के अनुसार सुनील पहले से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था।

जानकारी के अनुसार सुनील बास्की पर अपने चाचा सुलेमान बास्की (60) की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप था। इस मामले में राधानगर थाना में कांड संख्या 265/25 दर्ज किया गया था। सुनील को 14 जुलाई 2025 से राजमहल उपकारा में न्यायिक हिरासत में रखा गया था।

जेल प्रशासन के मुताबिक सोमवार दोपहर भोजन करने के बाद सुनील अपनी बैरक में सोने चला गया। काफी देर तक उसके नहीं जागने पर साथ रह रहे अन्य बंदियों को संदेह हुआ। इसकी सूचना जेल कर्मियों को दी गई। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो सुनील बेहोशी की हालत में पड़ा था। आशंका जताई गई कि सोने के दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा।

जेल कर्मियों ने आनन-फानन में सुनील को राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. सादिक अंसारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।

उपकाराधीक्षक विमल सोरेन ने बताया कि सुनील का जेल में ही इलाज चल रहा था और वह पहले से मिर्गी रोग से पीड़ित था। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *