गढ़वा में बाइक लूटकांड का खुलासा, एक गिरफ्तार, दूसरा मुठभेड़ में घायल

रंका और हरिहरपुर में बाइक लूट के बाद एमपी की ज्वेलरी डकैती से जुड़ा गिरोह सामने आया, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा घायल और तीसरा फरार।

श्री बंशीधर नगर I गढ़वा जिले की पुलिस ने रंका थाना और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई बाइक लूट की घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में सोनू उर्फ शाबीर अंसारी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक आरोपी रौशन कुमार उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है। वहीं तीसरे आरोपी शमशाद अंसारी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रोनीन बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 3500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

इसका खुलासा एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने रविवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को रंका थाना क्षेत्र और 13 सितंबर को हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में बाइक लूट की एक-एक घटना हुई थी। लगातार दो घटनाओं के बाद पुलिस को आशंका थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट किया गया और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।

गढ़वा से निकली बाइक, एमपी की ज्वेलरी शॉप तक पहुंचा मामला

पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि तीन अपराधी रोनीन बाइक से गढ़वा-मझिआंव मोड़ और कांडी होते हुए हरिहरपुर ओपी क्षेत्र पहुंचे थे। यहां बाइक लूटने के बाद तीनों अलग-अलग रास्तों से फरार हुए। दो आरोपी रोनीन बाइक से भवनाथपुर होते हुए श्री बंशीधर नगर की ओर निकले, जबकि एक लूटी गई अपाची बाइक लेकर झगराखांड़-खरौंधी की तरफ चला गया।

इसी बीच 18 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में डकैती की सूचना मिली। पुलिस ने डकैती में इस्तेमाल दो सफेद अपाची बाइक बरामद की। घटना के बाद भागने के दौरान एक आरोपी उत्तर प्रदेश के अनपारा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल पहुंची गढ़वा पुलिस, पूछताछ में सामने आया कनेक्शन

घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़वा पुलिस की टीम रॉबर्ट्सगंज अस्पताल पहुंची और घायल आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना नाम रौशन कुमार, पिता विजय राम, ग्राम चिल्काटांड़, थाना शक्तिनगर, जिला सोनभद्र बताया।

एसडीपीओ के अनुसार रौशन कुमार पहले भी श्री बंशीधर नगर में राधाकृष्ण ज्वेलर्स के मालिक को गोली मारकर लूटने के मामले में जेल जा चुका है और हाल में जेल से बाहर आया था। पूछताछ में उसने रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई बाइक लूट में अपनी कथित संलिप्तता बताई और सोनू उर्फ शाबीर अंसारी तथा शमशाद अंसारी के नाम भी बताए।

निशानदेही पर बाइक, सोना और नकदी बरामद

रौशन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 सितंबर को सोनू उर्फ शाबीर अंसारी (29) को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सोनू ने बाइक लूट और कंचन ज्वेलर्स डकैती में अपनी कथित संलिप्तता स्वीकार की।

उसकी निशानदेही पर शमशाद अंसारी के ससुराल ग्राम नयाखांड़ जाने वाले रास्ते से रोनीन बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए।

तीन जगहों पर बड़ी वारदात की थी कथित तैयारी

एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह के अनुसार, पूछताछ में पुलिस को आरोपियों की कथित योजनाओं के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक गिरोह की योजना रमना थाना क्षेत्र के एक सोना व्यवसायी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र को निशाना बनाने की थी।

पुलिस के अनुसार बढ़ी हुई सतर्कता के कारण आरोपियों ने इन स्थानों पर वारदात की योजना छोड़ दी। इसके बाद मध्य प्रदेश के विंध्यनगर और उत्तर प्रदेश के अनपारा क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है।

एक गिरफ्तार, एक घायल, तीसरे की तलाश

बाइक लूट मामले में सोनू उर्फ शाबीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रौशन कुमार मुठभेड़ में घायल है और उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं शमशाद अंसारी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की वारदातों से जुड़े तथ्यों का पता चल सकता है।

कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास गढ़वा के अलावा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मध्य प्रदेश के सिंगरौली से भी जुड़ा है। रौशन कुमार के खिलाफ गढ़वा, शक्तिनगर, नगर ऊंटारी, विंध्यनगर और अनपारा समेत विभिन्न थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, भवनाथपुर के गुलाब सिंह, नगर ऊंटारी थाना प्रभारी अविनाश राज, हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम, खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, विशुनपुरा थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्या समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। कार्रवाई में मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना पुलिस का भी सहयोग मिला।

 

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *