कलेक्ट्रेट से निकली तिरंगा बाइक रैली, अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी

फतेहपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कलेक्ट्रेट से मोटरसाइकिल रैली निकली। डीएम समेत अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया

फतेहपुर : ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से तिरंगा मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, प्रशासक जिला पंचायत अभय प्रताप सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष आदर्श व्यापार मंडल प्रदीप गर्ग ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लगाकर निकले प्रतिभागियों ने वंदे मातरम और भारत माता के जयघोष के साथ रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

कलेक्ट्रेट से स्टेडियम तक निकली रैली

तिरंगा मोटरसाइकिल रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर पत्थरकटा चौराहा, जिला अस्पताल और ज्वालागंज बस स्टैंड होते हुए स्पोर्ट स्टेडियम, शांतिनगर पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने तिरंगे के साथ निकल रहे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। सामूहिक रूप से लगाए गए वंदे मातरम के जयघोष से शहर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।

तिरंगे की गरिमा और नियमों का रखें ध्यान: डीएम

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ भावनात्मक एवं व्यक्तिगत जुड़ाव बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने अभियान को राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव से जुड़ा जनभागीदारी आंदोलन बनाने की अपील की।

डीएम ने कहा कि तिरंगा फहराते समय राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि रखें। उपयोग के बाद राष्ट्रीय ध्वज को इधर-उधर न फेंकें और उसे सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखें।

विकासखंडों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में भी तिरंगा प्रदर्शनी और रैली के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में खंड विकास अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अपर उप जिलाधिकारी, गणमान्य नागरिक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *