फतेहपुर : सदर कोतवाली क्षेत्र के नासेपीर मुहल्ले में शनिवार सुबह एक निजी स्कूल की शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटनास्थल पर सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस प्रथमदृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। मृतका के पति को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नासेपीर मुहल्ले में पिछले करीब छह महीने से किराए के मकान में रह रहे 30 वर्षीय दिलीप यादव सरकारी शिक्षक हैं। उनकी 28 वर्षीय पत्नी शालिनी यादव निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। दोनों की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उनका आठ वर्षीय बेटा भी है।
शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को शालिनी की मौत की सूचना मिली। दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 5:30 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। करीब 6:30 बजे लौटने पर उन्होंने पत्नी को बाथरूम में रखे पानी के टब में मुंह के बल गिरा देखा। इसके बाद वह उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सिर और पैर पर चोट के निशान से बदली जांच की दिशा
पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो जांच के दौरान मृतका के सिर और पैर पर चोट के निशान मिले। इन निशानों के सामने आने के बाद पानी में डूबने से मौत की बात पर संदेह गहरा गया और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की आशंका से जांच शुरू कर दी।
सूचना पर सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने मृतका के पति दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार उन्हें दंपती के बीच किसी विवाद की पहले जानकारी नहीं थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।




