फतेहपुर : प्रयागराज से सैनी जा रहे एक यात्री का कीमती सामान और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग बस में छूट गया। सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी 6254 टीम ने तेजी दिखाते हुए महज सात मिनट में बैग बरामद कर यात्री को सुरक्षित सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर यात्री के चेहरे पर खुशी लौट आई।
मंगलवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर बस स्टैंड, फतेहपुर रोड स्थित अहमदगंज मसवानी के पास से यूपी-112 पर इवेंट संख्या P17082511904 के जरिए सूचना मिली। कॉलर राहुल सरोज ने बताया कि प्रयागराज से सैनी आते समय बस संख्या UP58JT4324 में उनका बैग छूट गया है। बैग में जरूरी सामान और दस्तावेज रखे हुए थे।
सूचना मिलते ही पीआरवी संख्या UP32DG6254 की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने रोडवेज के टोल फ्री नंबर के जरिए बस के परिचालक से संपर्क किया। परिचालक ने बस जहां रोकी थी, वहां पीआरवी टीम महज सात मिनट में पहुंच गई।
पीआरवी कर्मियों ने बस परिचालक से बैग अपने कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित रखा। इसके बाद कॉलर राहुल सरोज से फोन पर संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया गया। यात्री की मौजूदगी में बैग खुलवाकर उसमें रखे सामान की जांच की गई और इसके बाद बैग उन्हें सौंप दिया गया।
बैग मिलते ही यात्री ने जताया आभार
बैग वापस मिलने पर राहुल सरोज और उनके परिजनों ने पीआरवी टीम का आभार जताया। आसपास मौजूद लोगों ने भी पुलिसकर्मियों की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
पीआरवी-6254 टीम में कमांडर मु.आ. निरंजन सिंह, सब-कमांडर आ. पुष्पेंद्र कुमार और पायलट मु.आ. धर्मवीर प्रजापति शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यूपी-112 का उद्देश्य आमजन को जरूरत के समय तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। पीआरवी 6254 टीम ने समय पर कार्रवाई कर इस उद्देश्य का प्रभावी उदाहरण पेश किया।




