सिमडेगा I सिमडेगा प्रखंड के बिरनीबेड़ा इलाके में 20 से 25 हाथियों के झुंड की गतिविधि से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार की देर रात हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने की सूचना मिलते ही सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने थोलकोबेड़ा, बेलगढ़, गिरजा टोली, बराबरपानी और बिरनीबेड़ा क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों की जानकारी ली।
हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के प्रयास में विधायक घंटों ग्रामीणों के साथ मौके पर डटे रहे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ हाथों में मशाल लेकर हाथियों को गांव की ओर आने से रोकने का प्रयास किया। विधायक की मौजूदगी में ग्रामीणों ने भी सतर्कता बरतते हुए हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
हाथियों से बचाव के लिए ग्रामीणों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया। इसमें टॉर्च, जूट के बोरे, मोबिल और मशाल जलाने की सामग्री शामिल है। विधायक ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने और हाथियों के झुंड के करीब नहीं जाने की अपील की।
ग्रामीणों के अनुसार बिरनीबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इसे देखते हुए पुलिस और वन विभाग की ओर से भी ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें उकसाने से बचने की अपील की है।
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को रात में भय और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने और स्वयं जोखिम लेकर हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील की।
मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अख्तर खान, विधायक प्रतिनिधि इजाज अहमद, महासचिव सलमान खान, महासचिव एजाज खान, महासचिव शीतल एक्का, तिलका रमन, लखन गुप्ता, मुखिया दुर्गा मुंडा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे।




