सिमडेगा I अग्रवाल सभा के तत्वावधान में कुलप्रवर्तक भगवान अग्रसेन जी की जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का मंगलवार को आनंद भवन में विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के गौरव के प्रतीक ध्वज के ध्वजारोहण के साथ हुई।
इसके बाद उपस्थित अग्र बंधुओं ने भगवान अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। मंगल आरती के साथ कार्यक्रम का धार्मिक एवं सांस्कृतिक आगाज किया गया। पूजन-अर्चन के बाद खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई।
प्रतियोगिताओं के औपचारिक उद्घाटन के अवसर पर अग्रवाल सभा के संरक्षकों ने स्वयं कैरम बोर्ड पर स्ट्राइकर से पहली हिट लगाई। इसके साथ ही आनंद भवन में प्रतियोगिताओं का सिलसिला शुरू हो गया।
आयोजकों ने बताया कि अग्रसेन जयंती तक विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए कई खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना और आपसी सद्भाव, सहभागिता तथा उत्साह को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में शंभू लाल अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल, लीलू राम अग्रवाल, खुशीराम अग्रवाल, जगदीश गोयल, कैलाश अग्रवाल, पिंटू अग्रवाल, मोतीलाल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मनोज जैन, रेखा अग्रवाल, संगीता बंसल, अमन अग्रवाल, हर्ष जैन सहित अग्रवाल सभा, अग्रवाल युवा समिति और अग्रवाल महिला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




