नशामुक्त कर्मा पूजा की तैयारी, 50 लीटर शराब जब्त, 400 किलो जावा महुआ नष्ट

उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, बांसजोर और सिमडेगा थाना क्षेत्र में 50 लीटर अवैध शराब जब्त कर 400 किलो जावा महुआ नष्ट किया गया।

 

सिमडेगा I कर्मा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सिमडेगा जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में बांसजोर थाना क्षेत्र के बामडियापाड़ा, कादोपानी रोड और केरिया तथा सिमडेगा थाना क्षेत्र के कुंबाटोली में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 50 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की। वहीं करीब 400 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही विनष्ट किया गया।

उत्पाद विभाग की ओर से सितंबर माह में इससे पहले भी जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोचेडेगा, भंडारटोली और बानाबीरा, सिमडेगा थाना क्षेत्र के जोकबहार, केरसई थाना क्षेत्र के रुसु तथा कुरडेग थाना क्षेत्र के कुटमाकछार और जनकपुर में छापेमारी की गई थी। इन कार्रवाइयों में करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया था, जबकि 120 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई थी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य कर्मा पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

प्रशासन ने जिलेवासियों से कर्मा पूजा का पर्व आपसी सौहार्द और नशामुक्त वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *