जमुआ की पत्थर खदान में छापा, विस्फोटक बरामद, 8 वाहन जब्त

गोविंदकुरा की पत्थर खदान में प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर विस्फोटक सामग्री बरामद की। सात ट्रैक्टर और एक पोकलेन भी जब्त किए गए हैं।

विलियम जैकब

गिरिडीह : जमुआ थाना क्षेत्र के गोविंदकुरा स्थित पत्थर खदान में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खोरीमहुआ एसडीएम समीर रेनियर खालको के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने खदान परिसर में छापेमारी की। इस दौरान वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है। साथ ही खनन कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे सात ट्रैक्टर और एक पोकलेन मशीन को भी जब्त किया गया है।

प्रशासनिक टीम के खदान पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसडीएम के साथ असिस्टेंट माइनिंग इंस्पेक्टर विश्वनाथ उरांव, अन्य अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे। टीम ने खदान परिसर के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की, जहां से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

बताया जा रहा है कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि गोविंदकुरा स्थित उक्त पत्थर खदान में पहले से खनन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खनन में इस्तेमाल हो रहे सात ट्रैक्टर और एक पोकलेन मशीन को भी अपने कब्जे में ले लिया गया।

एसडीएम समीर रेनियर खालको ने बताया कि खदान संचालक से खनन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं। हालांकि, फिलहाल संचालक की ओर से दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। दस्तावेजों की जांच और पूरे मामले की पड़ताल के बाद ही खदान के संचालन की वैधता तथा आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

फिलहाल जब्त वाहनों को जमुआ थाना ले जाने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद पत्थर खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। अब जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि खदान का संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और बरामद विस्फोटक सामग्री को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *