विलियम जैकब
गिरिडीह : करमा महापर्व के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत मंडरखा सुरक्षित वन में करमा महोत्सव का आयोजन पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। ग्राम वन प्रबंधन समिति, मंडरखा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करम समेत विभिन्न छायादार पौधों का पौधरोपण किया गया।
पौधरोपण के दौरान ग्रामीणों ने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में मुखिया निरंजन कुमार मौजूद रहे। वन विभाग के फॉरेस्टर की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
ग्राम वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबूलाल महतो के साथ अधिवक्ता रामप्रसाद वर्मा, भवानी वर्मा, महेंद्र ठाकुर, बद्री ठाकुर, इंद्रदेव महतो, दशरथ महतो, रामचंद्र महतो, बसंत वर्मा, बिनोद तुरी, अर्जुन महतो और बाली राणा समेत समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।
वहीं शीतल कुमारी, शांति कुमारी, रीना कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, सोनाक्षी, वर्षा, वंदना, अंजली और श्रुति समेत बच्चों और युवाओं ने भी उत्साह के साथ पौधरोपण में हिस्सा लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि करमा पर्व केवल संस्कृति और परंपरा से जुड़ा पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और पेड़ों के संरक्षण का भी संदेश देता है। इसी भावना के साथ मंडरखा गांव और आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा बनाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।



