बरसात में उफनती नदी, जान जोखिम में डाल स्कूल जाते हैं उरम्बी-परेवा के बच्चे

उरम्बी-परेवा के बीच पुल नहीं होने से बरसात में बच्चों की मुश्किल बढ़ जाती है, ग्रामीणों ने उपायुक्त से स्थल निरीक्षण कर तत्काल पुल निर्माण की मांग की।

महुआडांड़ I चटकपुर पंचायत अंतर्गत उरम्बी और परेवा गांव के ग्रामीणों के लिए नदी पर पुल का अभाव वर्षों से परेशानी का कारण बना हुआ है। सामान्य दिनों में ग्रामीण किसी तरह नदी पार कर आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बरसात आते ही यही रास्ता बच्चों और ग्रामीणों के लिए खतरे का कारण बन जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर स्कूल जाने वाले बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में नदी का बहाव तेज हो जाता है और पानी का स्तर बढ़ने से नदी पार करना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद बच्चों को रोजाना स्कूल जाने के लिए सुबह नदी पार कर दूसरी ओर जाना पड़ता है। तेज बहाव के बीच बच्चों के नदी पार करने को लेकर अभिभावकों की चिंता लगातार बनी रहती है। कई बार परिजन स्वयं बच्चों के साथ नदी तक पहुंचकर उन्हें पार कराते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि उरम्बी-परेवा के बीच नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार स्थानीय विधायक और सांसद को जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक पुल निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने का असर सिर्फ बच्चों की पढ़ाई पर ही नहीं, बल्कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, दैनिक आवागमन और अन्य जरूरी कार्यों पर भी पड़ता है।

बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर बच्चों का स्कूल पहुंचना सबसे बड़ी चिंता बन जाता है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ नदी पार करनी पड़ती है। तेज पानी के बीच यह स्थिति कभी भी अप्रिय घटना का कारण बन सकती है।

वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान के लिए अब ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से उरम्बी-परेवा क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कराने और नदी पर जल्द पुल निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से बच्चों सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और बरसात में जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की मजबूरी खत्म होगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *