बीआईटी सिंदरी में नए विद्यार्थियों को उपायुक्त आदित्य रंजन ने दिया मंत्र

बीआईटी सिंदरी के इंडक्शन कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य, अनुशासन और नेतृत्व का महत्व बताया, वहीं इस्कॉन ने सकारात्मक सोच पर जोर दिया।

मनीष सिन्हा 

धनबाद : “चुनौतियों से घबराएं नहीं, बल्कि उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें।” यह संदेश धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने बी.आई.टी. सिंदरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के बीटेक विद्यार्थियों को दिया। वे मंगलवार को संस्थान में आयोजित इंडक्शन कम ओरिएंटेशन प्रोग्राम के प्रथम सत्र में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों के साथ प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। सिविल सेवा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अध्ययन, धैर्य, अनुशासन और दृढ़ संकल्प सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उन्हें सीखने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का अवसर मानने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर ज्ञान अर्जित करने और स्वयं को बेहतर बनाने की प्रक्रिया ही व्यक्ति को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।

इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व, आध्यात्मिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न आयामों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।

वहीं दोपहर के सत्र में इस्कॉन की ओर से एच.जी. सुंदर गोविंद दास ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जीवन में सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और मानवीय मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा एवं व्यक्तिगत विकास के साथ जीवन में संतुलन, सदाचार और सेवा-भाव को अपनाने का आह्वान किया।

दोनों सत्रों के दौरान विद्यार्थियों ने वक्ताओं के साथ संवाद किया और विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें उपयोगी जानकारी और मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में बी.आई.टी. सिंदरी के निदेशक प्रो. पंकज राय, प्रो. (डॉ.) आर. के. वर्मा, चेयरमैन, इंडक्शन प्रोग्राम, डॉ. राहुल कुमार एवं प्रो. संजय पाल, कन्वेनर, इंडक्शन प्रोग्राम, प्रो. प्रफुल्ल शर्मा, एचओडी, सिविल इंजीनियरिंग, प्रो. रघुनंदन कुमार, प्रो. विजय कुमार बेसरा, डॉ. सोमनाथ साहा, प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. उस्निस बनर्जी, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. कोमल कुमारी, डॉ. शबनम स्वाती मिज, प्रो. प्रशांत रंजन मालवीय, डॉ. निरुपमा सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रथम वर्ष के विद्यार्थी भी शामिल हुए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.