बरडीहा : खाद्य पदार्थों में मिलावट और दुकानों में स्वच्छता की स्थिति को लेकर प्रखंड प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बरडीहा में स्थानीय मिष्ठान दुकानों का औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय के संयुक्त नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पिंकी मिष्ठान, मां मिष्ठान और जुगल साव मिष्ठान भंडार की जांच की गई।
जांच के दौरान जुगल साव मिष्ठान भंडार में जलेबी तैयार करने में खतरनाक औद्योगिक और गैर-खाद्य रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया। स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक पाए जाने के बाद लाल रंग से तैयार जलेबियों को अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही पूरी तरह नष्ट करा दिया गया।
छापेमारी के दौरान दुकानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि दुकानों में एक ही तेल को बार-बार गर्म कर समोसे और अन्य खाद्य सामग्री तली जा रही थी। इस्तेमाल के बाद बचा हुआ पुराना तेल भी दोबारा उपयोग में लाया जा रहा था। इस पर अधिकारियों ने सख्त निर्देश देते हुए बचे हुए पुराने तेल को तत्काल हटाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को खुले में रखे जाने और उन पर मक्खियों के बैठने की स्थिति भी सामने आई। अधिकारियों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंदी जगहों से आने वाली मक्खियां खुले खाद्य पदार्थों पर बैठकर बीमारियां फैला सकती हैं, जिससे आम लोगों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
अधिकारियों ने सभी मिष्ठान दुकान संचालकों को प्रतिष्ठान का अनिवार्य लाइसेंस लेने, परिसर में पूर्ण साफ-सफाई रखने और सभी खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों को ढककर रखने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन करने की स्पष्ट हिदायत दी गई।
प्रशासन ने बताया कि पहली बार सामने आई अनियमितताओं को लेकर दुकानदारों को हिदायत देकर छोड़ा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया तो जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




