मनीष सिन्हा
धनबाद ; पाटलीपुत्र अस्पताल, जोड़ा फाटक रोड, धनबाद की ओर से रविवार को बीआईटी सिंदरी परिसर में छात्रों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की परामर्श सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में कुल 209 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में पाटलीपुत्र अस्पताल के डॉ. कुणाल किशोर (एम.सी.एच. न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन), डॉ. मणि कुमार (एम.डी. जनरल फिजिशियन), डॉ. सुधीर कुमार (एम.डी.एस. डेंटल), डॉ. शुभांगी मोरे (मनोरोग विशेषज्ञ) और डॉ. एस.डी. चौधरी (जनरल फिजिशियन) ने अपनी सेवाएं दीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्रों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक सलाह भी दी।
शिविर के दौरान अस्पताल की ओर से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, पल्स और डेंटल स्क्रीनिंग की निःशुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य परीक्षण कराने वालों में न्यूरो से संबंधित 58, डेंटल के 64, मनोरोग के 42 और जनरल फिजिशियन के 45 मरीज शामिल रहे।
जांच के दौरान कुछ छात्रों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के संकेत भी मिले। चिकित्सकों ने ऐसे लोगों को आवश्यक जांच और समुचित उपचार के लिए पाटलीपुत्र अस्पताल आने की सलाह दी। अस्पताल की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि बीआईटी सिंदरी के सभी छात्रों को जोड़ा फाटक रोड, धनबाद स्थित पाटलीपुत्र अस्पताल में कम दरों पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर के आयोजन में बीआईटी सिंदरी के निदेशक डॉ. पंकज राय, प्रशासन विभाग के श्री बी.डी. यादव, डिस्पेंसरी प्रभारी प्रो. चैतन्य शर्मा और फार्मासिस्ट श्री बसुदेव त्यागी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पाटलीपुत्र अस्पताल की स्वास्थ्य टीम में राकेश बरनवाल, सोमनाथ सिंह, मुकेश, मनपुरन, मुनाजिर, अमीर, मुस्कान, गुलनाज और रंजन समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम के सदस्यों ने स्वास्थ्य जांच, पंजीकरण और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था में सहयोग करते हुए शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।




