फतेहपुर : थाना बिन्दकी क्षेत्र के ग्राम कुरई के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे प्रतापगढ़ दर्शन के लिए जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 29 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, घायलों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सात घायलों की हालत में सिर पर चोट पाए जाने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक अन्य घायलों की हालत स्थिर है और फिलहाल कोई भी अत्यधिक गंभीर स्थिति में नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से बातचीत कर उनके इलाज की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कानपुर हैलट रेफर किए गए घायलों के उपचार को लेकर वहां के डॉक्टरों से भी समन्वय स्थापित किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल लोग ग्राम कुरई, थाना बिन्दकी से जनपद प्रतापगढ़ स्थित मनगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। पिकअप का मालिक और चालक साहिल भी वाहन में सवार था और दुर्घटना में उसे भी चोटें आई हैं।
चालक साहिल ने पुलिस को बताया कि वाहन चलते समय अचानक स्टीयरिंग और ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद पिकअप बेकाबू हो गई और पेड़ से जा टकराई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि वाहन के तकनीकी परीक्षण और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




