विलियम जैकब
गिरिडीह : जिले के तिसरी-हजारीबाग मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केंदुआ मोड़ के पास हुए इस हादसे में बस में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस की खिड़की से बाहर निकला महिला का हाथ पास से गुजर रहे 407 मालवाहक वाहन की चपेट में आ गया।
जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की है। एसएसटी शिव शक्ति बस हजारीबाग से तिसरी की ओर लौट रही थी। इसी दौरान एक 407 वाहन बस को ओवरटेक करने के प्रयास में काफी करीब से गुजरा, जिससे खिड़की के बाहर निकला महिला का हाथ वाहन से टकरा गया।
हादसा इतना गंभीर था कि महिला का हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता करते हुए घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल घायल महिला की पहचान और उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




