विलियम जैकब
गिरिडीह : जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आम लोगों तक तत्काल पुलिस सहायता पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य सरकार की डायल-112 परियोजना के तहत मिले 32 नए आपातकालीन वाहनों का शुक्रवार को पुलिस केंद्र (पुलिस लाइन) परिसर में विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सभी 32 वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने नई व्यवस्था को लेकर आवश्यक जानकारी भी साझा की।
डायल-112 एकीकृत आपातकालीन सेवा है, जिसका उद्देश्य दुर्घटना, अपराध, चिकित्सा सहायता या अन्य किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक जल्द से जल्द पुलिस सहायता पहुंचाना है। नए वाहनों के संचालन से पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार आएगा और सूचना मिलने के बाद टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी। इससे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि डायल-112 सेवा के विस्तार से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। साथ ही आम जनता को पहले से बेहतर, तेज और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।




