महुआडांड़ I प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गाबाड़ी परिसर में आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू महासभा की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल ने की। इस दौरान दुर्गा पूजा को भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष भी महुआडांड़ में दुर्गा पूजा पूरे उत्साह, धार्मिक श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। दुर्गाबाड़ी परिसर में आकर्षक पूजा पंडाल बनाने के साथ विशेष सजावट और विद्युत साज-सज्जा कराने पर विचार किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर भी चर्चा हुई।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा जोर
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सदस्यों ने मंथन किया। बैठक में कहा गया कि दुर्गा पूजा क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। इसे आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है।
महासभा अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल ने कहा कि पूजा को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए महासभा के सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर काम करेंगे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पूजा आयोजन में सहयोग करने और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।
आने वाले दिनों में तैयारियों को दिया जाएगा अंतिम रूप
बैठक में उपाध्यक्ष भानु प्रसाद, उपाध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल, कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता, भुनेश्वर सिंह, सुनील प्रसाद जायसवाल, सत्यनारायण प्रसाद, हीरालाल जायसवाल, रविंद्र ठाकुर, दिलीप प्रसाद, मदन वर्मा, संदीप गुप्ता (पोस्ट ऑफिस), राजेंद्र प्रसाद उर्फ कुनु, हीरा प्रसाद समेत हिंदू महासभा के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
बैठक समाप्त होने के बाद दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। महासभा की ओर से बताया गया कि आने वाले दिनों में पूजा से जुड़ी अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।




